
मुंबई, 12 अगस्त (वार्ता) बॉलीवुड के जानेमाने फिल्मकार राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ दक्षिण भारतीय फिल्मकार एस.एस. राजामौली की ऑल टाइम फेवरेट फिल्मों में शामिल है। राजामौली ने इसे 21वीं सदी की अपनी पसंदीदा फिल्म बताया है। राजामौली ने राजकुमार हिरानी के अनोखे कॉन्सेप्ट और कहानी कहने के अंदाज की तारीफ करते हुए कहा कि ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ ने उन्हें पूरी तरह प्रभावित किया। राजामौली की ओर से हिरानी की फिल्म की यह तारीफ उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
वर्ष 2003 में प्रदर्शित ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ राजकुमार हिरानी की बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी। संजय दत्त, ग्रेसी सिंह, अरशद वारसी, बोमन ईरानी, जिमी शेरगिल और रोहिणी हट्टंगड़ी अभिनीत इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म को वर्ष 2004 में सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म प्रदान करने वाले संपूर्ण मनोरंजन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था। राजकुमार हिरानी ने हाल ही में ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के साथ डिजिटल क्षेत्र में कदम रखा है। इस शो में उनके बेटे वीर हिरानी के साथ अरशद वारसी नजर आए हैं। साइबर क्राइम, कॉमेडी और थ्रिलर के मिश्रण वाले इस शो को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और यह फिलहाल जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहा है।