निवेशकों को हर संभव सहयोग देगी सरकार : सीएम

*मालनपुर में किया प्लायवुड फैक्ट्री का भूमिपूजन*

भिंड। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य सरकार की उद्योग नीति का जिक्र करते हुए कहा है कि सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी, ताकि प्रदेश में औद्योगिक वातावरण को और मजबूत किया जा सके। इस नई औद्योगिक परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्र के विकास से भिंड जिले की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

भिंड के मालनपुर इंडस्ट्रियल एरिया में एलीक्सिर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के नए प्रोजेक्ट का भूमि पूजन शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस दौरान कंपनी के उच्च अधिकारी, जिला प्रशासन और प्रदेश प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालनपुर पहले से ही भिंड जिले का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र रहा है, जहां कई बड़ी कंपनियां काम कर रही हैं। अब एलीक्सिर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना से इस क्षेत्र को नई गति मिलेगी। सरकार की ओर से इस परियोजना के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने पर भी जोर दिया जाएगा।

कंपनी के जीएम देवकीनंदन शाह ने बताया कि मालनपुर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थापित होने जा रही यह इंडस्ट्री जिले के औद्योगिक विकास में एक नया अध्याय जोड़ने वाली है। इस परियोजना से क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ भिंड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल, नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, लहार विधायक अम्बरीश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

युवा शक्ति कर सकती है विकसित और मजबूत भारत का निर्माण

Fri Mar 21 , 2025
नयी दिल्ली, 21 मार्च (वार्ता) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि शहीदों से प्रेरणा लेकर युवा शक्ति ही एक विकसित भारत का निर्माण कर सकती है। श्री विजेंद्र गुप्ता ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद सुखदेव कॉलेज में आयोजित ‘शहीदों की विरासत, युवा शक्ति का प्रभाव-विकसित भारत का […]

You May Like