युवा शक्ति कर सकती है विकसित और मजबूत भारत का निर्माण

नयी दिल्ली, 21 मार्च (वार्ता) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि शहीदों से प्रेरणा लेकर युवा शक्ति ही एक विकसित भारत का निर्माण कर सकती है।

श्री विजेंद्र गुप्ता ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद सुखदेव कॉलेज में आयोजित ‘शहीदों की विरासत, युवा शक्ति का प्रभाव-विकसित भारत का निर्माण’ विषय पर व्याख्यान में युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को साकार करें और देश को एक मजबूत और विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा “शहीदों से प्रेरणा लेकर युवा शक्ति ही एक विकसित भारत का निर्माण कर सकती है। अपने आप पर विश्वास रखें और अपने आदर्शों को अपनाते हुए आगे बढ़ें।”

उन्होंने कहा, “यह हमेशा याद रखें कि हम आज खुलकर जी रहे हैं क्योंकि हमारे शहीदों ने अपने प्राणों की कुर्बानी दी। उनका बलिदान केवल इतिहास में पढ़ने के लिए नहीं है, बल्कि यह हमारे लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत है।” उन्होंने शहीद सुखदेव कॉलेज की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को संजोने और उनकी कुर्बानियों को उजागर करने का कार्य भी करता है।

श्री गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा शहीदों की विरासत को संरक्षित करने के लिए किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, जलियांवाला बाग स्मारक और अंडमान निकोबार की सेल्यूलर जेल जैसे स्मारकों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये स्मारक न केवल शहीदों के प्रति हमारी श्रद्धा को दर्शाते हैं बल्कि नई पीढ़ियों को उनके संघर्ष से प्रेरित करते हैं।

श्री गुप्ता ने भारत के आर्थिक और तकनीकी विकास पर चर्चा करते हुए बताया, “देश अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। पिछले एक दशक में स्टार्टअप्स की संख्या 1.6 लाख से अधिक हो गई है, जो लगभग 18 लाख प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान कर चुके हैं। यह केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि एक नए भारत की कहानी है।”

Next Post

लसूडिया में गोलीकांड, अस्पताल छोड़कर फरार हुए आरोपी युवक

Fri Mar 21 , 2025
शराब पार्टी के दौरान चली गोली, युवती की मौत रेंट एग्रीमेंट से युवकों की हुई पहचान, की-चेन से पुलिस को मिला पुलिस को सुराग नव भारत न्यूज इंदौर. लसूडिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज गोलीकांड की घटना सामने आई है. महालक्ष्मी नगर में 24 वर्षीय युवती को आंख में गोली […]

You May Like