इंदौर: स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को इंदौर पुलिस ने शहर में तिरंगा बाइक रैली निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया. पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह की अगुवाई में निकली रैली में 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य शामिल हुए. इससे पहले वरिष्ठ अधिकारियों ने मार्च पास्ट कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और शहरवासियों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की. रैली पुलिस कमिश्नर कार्यालय पलासिया से शुरू हुई.
दोपहिया वाहनों पर सवार पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर घंटाघर, रीगल चौराहा, राजवाड़ा, मधुमिलन और व्हाइट चर्च होते हुए वापस पलासिया पहुंचे. पूरे रास्ते देशभक्ति के नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह और मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त नरेंद्र सिंह रावत और अमन सिंह राठौर समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मान के साथ फहराने की अपील की. यह अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है, इसलिए अभियान में शहरवासियों की भागीदारी जरूरी है.
