शिवपुरी: फिजिकल कॉलेज परिसर में सर्पदंश से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था, जहां उसने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजन उसका पोस्टमार्टम कराए बिना झाड़फूंक के लिए अपने साथ ले गए। पिछोर तहसील के पुनावली गांव निवासी रजनेश आदिवासी फिजिकल कॉलेज में चौकीदार हैं। वह अपनी पत्नी और तीन छोटे बच्चों के साथ कॉलेज के मुख्य गेट पर बने गार्ड रूम में रहते हैं।
देर रात परिवार गार्ड रूम में सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीला सांप कमरे में घुस आया और रजनेश की चार वर्षीय बेटी खुशी आदिवासी को डस लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन और कॉलेज स्टाफ मौके पर पहुंचे।इसके बाद बच्ची को तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने बच्ची का पोस्टमार्टम नहीं कराया। वे उसे झाड़फूंक के लिए किसी अज्ञात स्थान पर ले गए हैं।
