सागर में एमपीटी होटल स्थापित करेगा: पर्यटन मंत्री लोधी

सागर : मध्य प्रदेश पर्यटन विकास विभाग द्वारा लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बोट क्लब का लोकार्पण समारोह संजय ड्राइव स्थित लाखा बंजारा झील परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने की। नवनिर्मित बोट क्लब का फीता काटकर लोकार्पण करने के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने भवन का अवलोकन कर विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया।मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री लोधी ने कहा कि सागर को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन की मांग पर तालाब से लगी नहर के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए 5 करोड़ रुपये तथा बोट क्लब में आधुनिक जिम उपकरणों की स्थापना के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि लाखा बंजारा झील बुंदेलखंड की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसके समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। अगले 15 दिनों में यहां फ्लोटिंग जेट्टी भी स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि सागर में मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एमपीटी) का एक बड़ा होटल स्थापित करने के लिए अधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने बताया कि शहर में जल क्रीड़ा गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 42 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें से 5 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय टीम के लिए हुआ है। इनमें से 3 बालिकाओं ने विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर सागर का नाम रोशन किया है इस अवसर उन्होंने प्रशिक्षक आकाश तिवारी को बधाई दी।महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा कि जल पर्यटन के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा झील की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन एम.डी. त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने व्यक्त किया।

Next Post

लेबर गेट पर जलभराव से बढ़ी परेशानी

Wed Jul 8 , 2026
सिंगरौली: विन्ध्यनगर-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर स्थित एनटीपीसी विन्ध्यनगर टाउनशिप के मुख्य लेबर गेट के सामने बारिश के बाद हुए जलभराव ने कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यह मार्ग एनटीपीसी में कार्यरत हजारों कर्मचारियों के साथ-साथ शक्तिनगर, वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले […]

You May Like