भोपाल, 16 अप्रैल (वार्ता) नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं पर की गई कार्रवाई को लेकर मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में विपक्ष की आवाज को खत्म करना चाहती है।
श्री सिंघार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इलेक्टोरल बांड का मुद्दा उठाया, भाजपा ने इसके जरिये हजारों करोड़ का अवैध चंदा लिया था, क्या ये भ्रष्टाचार नहीं है? भाजपा ने भ्रष्टाचार को भी देश में वैध कर दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों के जरिये कंपनियों पर भी दबाव बनाती है और चंदा लेती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा का मामला हुआ जिसमें लोकायुक्त ने आरोपपत्र दायर नहीं किया और उसे जमानत मिल गयी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ पूरी कांग्रेस मजबूती के साथ श्रीमती सोनिया गांधी और श्री राहुल गांधी के साथ है। भाजपा के हथकंडों से कांग्रेस डरेगी नहीं और जनहित के मुद्दे उठाती रहेगी।
