लेबर गेट पर जलभराव से बढ़ी परेशानी

सिंगरौली: विन्ध्यनगर-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर स्थित एनटीपीसी विन्ध्यनगर टाउनशिप के मुख्य लेबर गेट के सामने बारिश के बाद हुए जलभराव ने कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यह मार्ग एनटीपीसी में कार्यरत हजारों कर्मचारियों के साथ-साथ शक्तिनगर, वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले वाहनों का प्रमुख संपर्क मार्ग है।

लगातार जलभराव के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के समय सड़क तालाब जैसी दिखाई देती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। इसी मार्ग से गंभीर मरीजों को भी बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ले जाया जाता है, ऐसे में जलभराव आपातकालीन परिस्थितियों में भी बाधा बन रहा है।

लोगों का आरोप है कि एनटीपीसी विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधा की अनदेखी की जा रही है।जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के पार्षद भी कई बार एनटीपीसी प्रबंधन को पत्र लिखकर स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने बरसात को देखते हुए तत्काल प्रभाव से नाली निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Next Post

शोपियां में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का खूंखार आतंकी ढेर, हथियार और गोला-बारूद बरामद

Wed Jul 8 , 2026
शोपियां, जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के सैदापोरा इलाके में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद-विरोधी अभियान के तहत लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक आतंकवादी को मार गिराया है। मारे गए आतंकी की पहचान जाकिर अहमद गनी के रूप में हुई है, जो कुलगाम का रहने वाला था और पिछले काफी समय से सक्रिय था। […]

You May Like