
छतरपुर। बड़ामलहरा ब्लॉक के गरखुवां मार्ग की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क की खराब स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द पक्की सड़क बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग लगभग 20 गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन वर्षों से बदहाल होने के कारण हजारों लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आठ दिनों के भीतर सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ या कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों में अंतर करना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं। खराब सड़क का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। किसानों को खेतों तक पहुंचने और कृषि सामग्री लाने-ले जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और नवीनीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने गरखुवां मार्ग का शीघ्र नवीनीकरण कर पक्की सड़क बनाने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में मांग पूरी नहीं हुई तो क्षेत्र के सभी ग्रामीण एकजुट होकर तहसील कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
