हैदराबाद | साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की ब्लॉकबस्टर जोड़ी 14 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। फिल्म के पहले सुपरहिट गाने ‘राम जी आके भला करेंगे’ की सफलता के बाद, मेकर्स ने अब फिल्म का रोमांटिक पक्ष पेश किया है। नए गाने ‘तू ही दिसदा’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की ड्रीमी और फ्रेश केमिस्ट्री देखते ही बन रही है। घने जंगलों, खूबसूरत झरनों और पहाड़ों के बीच फिल्माया गया यह टीजर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
‘तू ही दिसदा’ गाने को और भी खास बनाने के लिए अरिजीत सिंह और निखिता गांधी ने अपनी मधुर आवाज दी है। टीजर के विजुअल्स एक सुकून भरे और रूहानी अहसास का वादा करते हैं, जो दर्शकों को एक अलग ही जादुई दुनिया में ले जाते हैं। अरिजीत सिंह की आवाज इस लव ट्रैक की गहराई को एक नए स्तर पर ले जाती दिख रही है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि रिलीज होते ही यह गाना सभी म्यूजिक चार्ट्स पर राज करेगा। बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के सहयोग से बनी यह फिल्म हॉरर-कॉमेडी के साथ-साथ एक इमोशनल लव स्टोरी का तड़का भी पेश करने वाली है।
प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव, असरानी और तब्बू जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे, जो पुरानी कल्ट कॉमेडी की यादों को ताजा करेंगे। अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर द्वारा निर्मित ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म के टीजर ने पहले ही इंटरनेट पर धूम मचा दी है, जिसमें क्लासिक कॉमिक वन-लाइनर्स और हॉरर का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देखने को मिल रहा है। फैंस इस फिल्म को अक्षय कुमार के करियर की एक बड़ी टर्निंग पॉइंट फिल्म मान रहे हैं।

