बरगँवा :हिंडालको महान की ओर से विस्थापित कॉलोनी में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के कुल 550 छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। अध्ययन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम में पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक ने छात्र-छात्राओं को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तके वितरित कीं। वहीं सीएसआर प्रमुख संजय सिंह ने भी बच्चों को अध्ययन सामग्री प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे अमूल्य चीज है। उन्होंने कहा कि जीवन में धन-संपत्ति और अन्य संसाधनों का महत्व है, लेकिन शिक्षा ऐसी पूंजी है जिसे कोई छीन नहीं सकता। शिक्षा व्यक्ति को सही और गलत में अंतर समझने, आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की क्षमता देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने शिक्षकों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनें।
