जबलपुर: गंजीपुरा मोड़ पर विधायक मद के करीब 25 लाख रुपये खर्च कर बनवाए गए सुलभ शौचालय में छज्जा गिरने के मामले को लेकर मौलाना अबुल कलाम आजाद ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांत जैन,गोलू के नेतृत्व में कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नगर निगम पहुंचकर आयुक्त के नाम सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन नगर निगम प्रशासन को सौंपा है। ज्ञापन में निगम आयुक्त से मांग की गई है कि सुलभ शौचालय निर्माण कार्य में बरती गईं अनियमितताओं, निर्माण की गुणवत्ता, इसकी लागत और तकनीकी मानकों की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच करवाई जाए। इस हेतु आयुक्त अविलंब जांच आदेश जारी करें।
मौलाना अबुल कलाम आजाद ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांत जैन, गोलू ने कहा कि उन कारणों व दोषियों को सामने लाया जाए जिनकी लापरवाही, अनदेखी और भ्रष्टाचार के कारण 25 लाख की सरकारी लागत से बनाया गया सुलभ शौचालय भव्य लोकार्पण के बाद 25 दिन भी सलामत ना रह सका। इस निर्माण की कुल लागत तथा ठेकेदार को भुगतान की विशेष जांच करवाई जाए एवं टेंडर अनुमानित लागत के साथ ही ठेका अनुबंध की कॉपी सार्वजनिक की जाए। स्वतंत्र तकनीकी जांच शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जबलपुर और लोक निर्माण विभाग के विशेषज्ञ अधिकारियों से करवाने के साथ जनहित में उक्त जांच रिपोर्ट सार्वजनिक किये जाने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
