इंदौर: स्वतंत्रता दिवस से पहले इंदौर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए सीआईएसएफ, बीएसएफ और इंदौर पुलिस ने संयुक्त एंटी टेरर मॉक ड्रिल की. एयरपोर्ट परिसर में संदिग्ध घुसपैठ और आतंकी खतरे की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तय प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई करते हुए पूरे घटनाक्रम का अभ्यास किया.
सूचना मिलते ही सीआईएसएफ की क्यूआरटी, बीएसएफ जवान और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची.
टीमों ने एयरपोर्ट परिसर को सुरक्षित घेरे में लिया और संदिग्ध खतरे से निपटने के लिए रेस्क्यू व काउंटर ऑपरेशन किया. अभ्यास के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचना के आदान-प्रदान, मौके पर पहुंचने के समय और आपसी समन्वय को परखा गया. मॉक ड्रिल में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्म्ॉड (बीडीडीएस), अग्निशमन विभाग और चिकित्सा दल भी शामिल रहे. अभ्यास पूरा होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने समीक्षा बैठक में कार्रवाई का आकलन किया. इसमें सामने आई कमियों और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने के बिंदुओं पर चर्चा की गई. स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट और शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं.
