नागपंचमी पर नागचंद्रेश्वर दर्शन की ऑनलाइन बुकिंग चालू, समिति का 300 का टिकट

उज्जैन: महाकाल मंदिर परिसर में स्थित श्री नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर के पट 16 अगस्त की रात में 12 बजे बाद आम दर्शन के लिए खुल जाएंगे. मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु पहले से बुकिंग कर टिकट प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए मंदिर प्रबंध समिति ने ऑनलाइन वेबसाइट पर बुकिंग शुरू कर दी है. इसके लिए 11 स्लॉट बनाए गए है. श्रद्धालु को प्रति बुकिंग पर 300 रुपए का शुल्क देना होगा. इस बार नागपंचमी पर्व वाले दिन यानी 17 अगस्त को श्रावण माह का तीसरा सोमवार आ रहा है. और इसी रोज शाम को 4 बजे बाबा महाकाल की सवारी भी नगर में निकलेगी.

इस महासंयोग के चलते देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है. इसको ध्यान में रखते हुए समिति ने पहले से ही नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकिट बुकिंग की सुविधा दे दी है. शीघ्र दर्शन की टिकट के लिए श्रद्धालु महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर मोबाइल नंबर डालकर पहले पासवर्ड बनाए. इसके बाद रात 12 बजे से अगले 24 घंटे के लिए 11 अलग-अलग स्लॉट खुलने पर अपनी सुविधा अनुसार बुकिंग कराए. यह बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जा रही है. आपको यह भी बता दें कि नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर में शीघ्र दर्शन के लिए अब तक 250 रुपए ही शुल्क लगता था. पहली बार समिति ने इसमें 50 रुपए बढ़ाकर इसे 300 रुपए कर दिया है.

लंबी लाइन में परेशानी से बचने के लिए समिति ने की सुविधा
समिति ने श्रद्धालुओं को लंबी लाइन की परेशानी से बचाने के लिए समय के स्लॉट की व्यवस्था की है. श्रद्धालु बुक किए गए समय के अनुसार दर्शन कर सकेंगे. महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि शीघ्र दर्शन टिकट का प्रिंट आउट साथ लाना अनिवार्य रहेगा. शीघ्र दर्शन के लिए हरसिद्धि पाल से बड़ा गणेश गली होते हुए गेट नंबर-5 से प्रवेश दिया जाएगा. मंदिर परिसर में मोबाइल फोन प्रतिबंधित है. श्रद्धालु निर्धारित समय और प्रवेश द्वार का पालन करें. टिकट केवल आधिकारिक वेबसाइट से बुक करने और किसी अनधिकृत व्यक्ति से संपर्क न करने की अपील की जा रही है

Next Post

अब शहर में 24 घंटे सातों दिन खुले रहेंगे रेस्तरां और होटल्स

Fri Aug 14 , 2026
इंदौर. मध्यप्रदेश में होटल, मॉल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक संस्थान अब 24 घंटे सातों दिन खुले रहेंगे. प्रदेश विधानसभा के बाद राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी मध्यप्रदेश कार्यस्थल सशक्तिकरण संहिता 2026 बिल को मंजूरी दे दी है. राजपाल की मंजूरी के साथ ही उक्त अधिनियम लागू हो गया है. इंदौर […]

You May Like