
छतरपुर। ईशानगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम तेज रफ्तार मारुति कार अनियंत्रित होकर सड़क से दूर करीब 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया।
बताया गया कि कार सवार सभी लोग जटाशंकर धाम से दर्शन कर गांव कटारे का पुरवा लौट रहे थे। गहरवार के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में जा गिरी। कुएं में पानी अधिक होने और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से पंप लगाकर कुएं का पानी कम किया गया, जिसके बाद बचाव कार्य आगे बढ़ाया गया।
रेस्क्यू के दौरान पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने कार में सवार गुड्डा अहिरवार (25), निवासी ईशानगर, एक नाबालिग निवासी पुरवा, सीताराम अहिरवार (27) और सूरज अहिरवार (21), दोनों निवासी कटारे का पुरवा, को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं 22 वर्षीय राकेश अहिरवार को भी कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बिजावर एसडीओपी रघु केशरी ने बताया कि कार में पांच लोग सवार थे और सभी जटाशंकर धाम से दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने से हादसा होना सामने आया है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। ईशानगर पुलिसकर्मी वीरेंद्र अहिरवार के अनुसार अंधेरा और कुएं में अधिक पानी होने के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कत आई। कार में एक छात्र भी था, जिसे रास्ते में लिफ्ट दी गई थी।
देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान में पंपों की मदद से कुएं का पानी कम कराया गया और क्रेन की सहायता से कार को भी बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
