एसबीआई ने 50 करोड़ डॉलर के रेगुलेशन एस बॉन्ड का मूल्य निर्धारण पूरा किया

मुंबई, 12 अगस्त (वार्ता) भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपनी लंदन शाखा के माध्यम से 5.25 प्रतिशत कूपन दर (ब्याज दर) पर 50 करोड़ डॉलर के “रेगुलेशन एस” बॉन्ड का मूल्य निर्धारण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह बॉन्ड पांच वर्षीय अमेरिकी ट्रेजरी के मुकाबले बेंचमार्क किया गया है। इसकी कीमत बेंचमार्क से 88 आधार अंक (0.88 प्रतिशत) ऊपर तय की गयी है। इन बॉन्ड्स को एसजीएक्स-एसटी, इंडिया आईएनएक्स और एनएसई-आईएक्स पर सूचीबद्ध किया जायेगा।

इस लेनदेन को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और विभिन्न देशों एवं क्षेत्रों के निवेशकों ने इसमें मजबूत रुचि दिखाई। ऑर्डरबुक अपने उच्चतम स्तर पर 2.46 अरब डॉलर तक पहुंची, जिसमें 145 निवेशकों ने भाग लिया। मजबूत निवेशक मांग के आधार पर पहले मूल्य टेर्जरी बेंचमार्क से 120 आधार अंक ऊपर रखा गया था जिसे संशोधित कर टेर्जरी बेंचमार्क से 88 आधार अंक ऊपर कर दिया गया।

रेगुलेशन एस. बॉन्ड अमेरिकी निवेशकों के लिए जारी किये जाने वाले ऐसे बॉन्ड हैं जो अमेरिका के बाहर जारी किये जाते हैं। शर्त यह होती है कि इसका अमेरिका में कोई सीधा प्रभाव नहीं होना चाहिये।
एसबीआई के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी ने कहा, “वर्तमान वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच 50 करोड़ डॉलर का सफल मूल्य निर्धारण बैंक के बॉन्ड के प्रति मजबूत निवेशक मांग और विदेशी पूंजी बाजारों में बैंक के विविध निवेशक आधार का प्रमाण है। यह निवेशक आधार बैंक को दुनिया के प्रमुख फिक्स्ड-इनकम निवेशकों से कुशलतापूर्वक धन जुटाने में सक्षम बनाता है।” उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक आर्थिक माहौल के बीच हासिल किया गया यह कम मूल्य निर्धारण भारत के जारीकर्ताओं के लिए उधारी की लागत को नियंत्रित रखने की क्षमता को दर्शाती है।

.....

Next Post

इंडिगो ने स्वतंत्रता दिवस पर की बुकिंग पर 20 प्रतिशत तक की छूट की घोषणा

Thu Aug 13 , 2026
 नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) यात्री संख्या के हिसाब से देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘हैपी इंडेपेन्डेंस डे सेल’ की घोषणा की है।एयरलाइंस ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इसके तहत ग्राहकों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय […]

You May Like