इंदौर:चंदन नगर थाना क्षेत्र सिंहासा स्थित आईटी पार्क की एक कंपनी में काम खत्म होने के बाद हाथ धो रहे एक जूनियर कर्मचारी से मामूली बात पर बहस होने पर टीम लीडर ने मारपीट कर डाली। आरोपी ने अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला कर साथी कर्मचारी का सिर फोड़ दिया।पुलिस के अनुसार, ऋषि पैलेस द्वारकापुरी निवासी सचिन परिहार पिता विजय सिंह परिहार ने चंदन नगर थाने पहुँचकर एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़ित सचिन सिंहासा आईटी पार्क स्थित अपाल्टो इलेक्ट्रॉनिक्स प्रा. लि. में कार्यरत है।पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बीती शाम कंपनी में शिफ्ट खत्म होने का समय हो चुका था, इसलिए वह पास ही लगे वॉशबेसिन पर हाथ धो रहा था।
इसी दौरान कंपनी का टीम लीडर जय सिंह उसके पास पहुँचा और रोब झाड़ते हुए बोला कि तू यहाँ क्यों खड़ा है?इस पर सचिन ने सहजता से जवाब दिया कि मेरा काम खत्म हो गया है और छुट्टी का वक्त हो गया है, इसलिए खड़ा हूँ।सचिन का इतना कहना ही था कि आरोपी जय सिंह आपा खो बैठा। वह चिल्लाने लगा तू मुझसे मुंह लड़ाता है, मैं तेरा सीनियर हूँ! और गालियां बकने लगा। जब सचिन ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो जय सिंह ने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपी ने अपने हाथ में पहने भारी कड़े से सचिन के सिर और माथे के दाहिनी ओर कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गया।चीख-पुकार सुनकर कंपनी के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। चंदन नगर थाना पुलिस ने पीड़ित सचिन की शिकायत पर आरोपी टीम लीडर जय सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
