
ग्वालियर, तिघरा क्षेत्र में गर्भवती महिला का बंदूक की नोक पर अपहरण करने के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को तिघरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी भी बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) सुजावल जग्गा के निर्देशन एवं सीएसपी ग्वालियर कृष्ण पाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम सिंह कंसाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पगारा डैम सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बुधवार को तिघरा क्षेत्र से फरार आरोपी शेरू उर्फ शेर सिंह (22) निवासी देव का मौरोली, थाना निहालगंज, जिला धौलपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे अपराध क्रमांक 61/25 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी भी जब्त की गई। इस आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस प्रकरण में अब तक आठ इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
यह था मामला
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2025 की शाम तिघरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जा निवासी बृजलाल गुर्जर के घर पर जोगेंद्र उर्फ योगी गुर्जर अपने कई साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंचा था। आरोपियों ने कथित रूप से अंधाधुंध फायरिंग की, परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और फरियादी की गर्भवती बहू अंजू गुर्जर को बंदूक की नोक पर जबरन उठाकर ले गए थे। बताया गया कि आरोपी विवाह का विरोध कर रहे थे और पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुके थे। इस घटना के बाद तिघरा थाने में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।
