
छतरपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को जिला प्रशासन एवं नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 से भव्य तिरंगा साइकिल रैली निकाली गई। रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का शुभारंभ छतरपुर विधायक ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया और कलेक्टर मृणाल मीणा ने वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के बाद हरी झंडी दिखाकर किया। रैली उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 से शुरू होकर छत्रसाल चौराहा, महल रोड, प्रताप सागर तालाब और पुलिस लाइन होते हुए वापस विद्यालय पहुंची।
रैली में एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम विनय द्विवेदी, एएसपी आदित्य पाटले, सीएमओ माधुरी शर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी और समाजसेवी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर साइकिल पर निकले लोगों के बीच देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
रैली के दौरान ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा। प्रतिभागियों ने नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। रैली के समापन पर तिरंगा सेल्फी पॉइंट पर प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी भी ली।
