राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, जिले के 1.46 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

आलीराजपुर। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला अध्यक्ष श्री संतोष मकु परवाल एवं कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के मुख्य आतिथ्य में किया गया। अभियान का शुभारंभ अतिथियों ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया तथा जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अतुलकर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मदन सिंह गडारिया, शहरी क्षेत्र नोडल अधिकारी डॉ. सचिन पाटीदार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने कहा कि पोलियो उन्मूलन में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। सीएमएचओ डॉ. राजेश अतुलकर ने बताया कि बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के सभी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों तक पहुंच बनाकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करना है।

 

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मदन सिंह गडारिया ने बताया कि इस वर्ष जिले में 1 लाख 46 हजार 233 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 299 पोलियो बूथ, 908 टीमें, 10 मोबाइल टीमें तथा 43 ट्रांजिट बूथ बनाए गए हैं। अभियान की निगरानी के लिए 120 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, जबकि 1,673 वैक्सीनेटर एवं स्वास्थ्यकर्मी इस महाअभियान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

 

जिला अध्यक्ष श्री संतोष मकु परवाल ने स्वास्थ्य विभाग को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि पोलियो उन्मूलन जैसे जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग तथा श्रीनाथ नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है।

 

“दो बूंद जिंदगी की” के संदेश के साथ स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनें।

Next Post

ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में 204 टीमों ने पोलियो अभियान के दौरान पिलाई पोलियो ड्रॉप,18076 बच्चों को पिलाई दवाई

Sun Jun 28 , 2026
पानसेमल। तीन दिनों तक चलने वाले पोलियो अभियान के तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में पोलियों अभियान के तहत 0 से 5 वर्षों के बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई गई।नगर के बस स्टैंड सहित ग्राम जलगोन, मोयदा,दोदवाडा, बंधारा,आमदा सहित अन्य स्थानों पर 206 स्वास्थ्य कर्मियों ने पोलियो की दवाई […]

You May Like