रीवा:आगामी 15 अगस्त को जिले भर में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा. मुख्य समारोह जिला मुख्यालय में एसएएफ मैदान में आयोजित किया जा रहा है.
समारोह के मुख्य अतिथि द्वारा प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण के साथ समारोह आरंभ होगा. समारोह में आकर्षक परेड तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. समारोह में मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा. कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह ने एसएएफ मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया. कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी गरिमा और उल्लास के साथ मनाएं. समारोह के लिए सभी संबंधित अधिकारी सौंपे गए दायित्व के अनुसार तैयारियाँ कर लें.
वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियाँ करें. परंपरा के अनुसार समारोह स्थल पर आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था करें. समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का सजीव प्रसारण किया जाएगा. इसका एक दिन पूर्व परीक्षण कर लें. प्रसारण के लिए आवश्यक केबिल और नेटवर्क की व्यवस्था करा लें. मुख्यमंत्री के संदेश के बाद स्थानीय स्तर पर भी शुभकामना संदेश दिया जाएगा. कलेक्टर ने समारोह स्थल में साउंड व्यवस्था, मंच व्यवस्था, साज-सज्जा, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा पुरस्कार वितरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए. निरीक्षण के समय आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी, सीएसपी राजीव पाठक, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण नितिन पटेल तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
