
मंदसौर। मालवा क्षेत्र में आस्था के प्रमुख केंद्र भगवान श्री सांवरिया सेठ (लक्ष्मीनारायण) मंदिर, लदूसा में श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के अवसर पर मंगलवार को दानपात्र खोला गया। श्रद्धालुओं की मौजूदगी में दानपात्र से निकली राशि की गणना की गई, जिसमें कुल 9 लाख 52 हजार 41 रुपए प्राप्त हुए। नकद राशि के साथ दानपात्र से चांदी की वस्तुएं, सोने का मंगलसूत्र और विभिन्न देशों की विदेशी मुद्राएं भी निकलीं।
मंदिर ट्रस्टी पं. महेश व्यास ने बताया कि भगवान सांवरिया सेठ के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के चलते देश-विदेश से भक्त मंदिर पहुंचकर अपनी श्रद्धानुसार दान करते हैं। दानपात्र से इस बार चांदी की जेसीबी, चांदी से निर्मित अफीम के डोडे, चांदी का मकान तथा सोने का एक मंगलसूत्र प्राप्त हुआ। इसके अलावा अमेरिका, नेपाल, फिलीपींस, तंजानिया, कनाडा, वियतनाम, संयुक्त अरब अमीरात और मिस्र सहित विभिन्न देशों की मुद्राएं भी दानपात्र से निकलीं।
आस्था के साथ जुड़ी है भक्तों की भावनाएं
सांवरिया सेठ के प्रति क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भक्त अपनी सामर्थ्य के अनुसार नकदी के साथ चांदी-सोने की वस्तुएं और अन्य सामग्री भी भगवान के चरणों में अर्पित करते हैं। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ण होने के बाद भगवान को धन्यवाद स्वरूप दान करते हैं, तो कई भक्त अपने परिवार की सुख-समृद्धि और व्यापार में उन्नति की कामना लेकर मंदिर में पहुंचते हैं। दानपात्र में मिली अलग-अलग देशों की मुद्राएं इस बात का भी संकेत देती हैं कि सांवरिया सेठ की आस्था स्थानीय क्षेत्र से निकलकर दूर-दूर तक पहुंच चुकी है।
तुलसी की मंजरी और लक्ष्मीकांता के पुष्पों से हुआ विशेष श्रृंगार
चतुर्दशी के अवसर पर प्रातःकाल भगवान श्री सांवरिया सेठ का तुलसी की मंजरी एवं लक्ष्मीकांता के पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया गया। आकर्षक श्रृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में भगवान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
दानपात्र खोलने एवं राशि की गणना के दौरान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, समाजसेवी रामेश्वर धाकड़, बद्रीलाल पपोड़िया, गोविंद रामवीर, रामजी ठन्ना, कैलाश पपोडिया, श्यामलाल आर्य, रमेश गोवरी, अशोक करवरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
आज हरियाली अमावस्या पर महाआरती और महाप्रसादी
मंदिर में बुधवार, 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या के अवसर पर महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार कार्यक्रम के लाभार्थी पेटलावद निवासी गोविंद पिता हीरालाल राठौर एवं गोपाल पिता निर्भय सिंह सोलंकी रहेंगे। समिति ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान श्री सांवरिया सेठ के दर्शन एवं महाआरती में सहभागी बनने तथा प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
