
ग्वालियर। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले जनकगंज थाना क्षेत्र के जीवाजीगंज में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पीजीवी कॉलेज के पास स्थित एक व्यवसायी के ऑफिस के ताले तोड़कर चोर करीब 20 लाख रुपये की नकद राशि पर हाथ साफ कर गए। घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
करोड़ों के कारोबार वाले व्यवसायी को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार सिटी सेंटर निवासी व्यवसायी संजय बंसल पुत्र राजेंद्र प्रसाद बंसल की हिंदुस्तान लीवर की एजेंसी और स्टेशनरी का बड़ा कारोबार है। उनका ऑफिस जीवाजीगंज में पीजीवी कॉलेज के पास स्थित है। रविवार रात हमेशा की तरह वे ऑफिस बंद कर घर चले गए थे।
सोमवार सुबह जब आसपास के दुकानदारों ने ऑफिस पहुंचे तो ऑफिस के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना व्यवसायी संजय बंसल को दी।
सूचना मिलते ही व्यवसायी मौके पर पहुंचे। ऑफिस के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और दराज टूटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि ऑफिस में रखी करीब 20 लाख रुपये की नकदी गायब है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोर अपने साथ नकदी के साथ-साथ ऑफिस में रखा कुछ अन्य सामान और अपनी पहचान छुपाने के लिए ऑफिस में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ कर ले गए हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि चोरी सोची-समझी साजिश के तहत की गई है।
फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस
घटना की शिकायत तुरंत जनकगंज थाने में की गई। शिकायत मिलते ही जनकगंज थाना प्रभारी टीआई अतुल सोलंकी अपनी टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
टीआई अतुल सोलंकी ने बताया कि आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज चोरी की वारदात के बाद से जीवाजीगंज के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
