कुंडालिया डेम के सात गेट खोले, निचले इलाके में अलर्ट जारी

नलखेड़ा, नगर व आसपास के क्षेत्र में हुई भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया. मां बगलामुखी मार्ग पर स्थित नाले का पानी पुलिया पर आने से मां बगलामुखी पहुंच मार्ग बंद हो गया. श्रद्धालु दूसरे मार्ग से मंदिर पहुंचे, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. वहीं क्षेत्र तेज बारिश के कारण लखुंदर नदी का भी जलस्तर बढ़ा, जिससे मां बगलामुखी मंदिर के पीछे बने घाट भी जलमग्न हो गए.

नगर व क्षेत्र में रविवार रात्रि से झमाझम बारिश का क्रम शुरू हुआ, जो कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश के रूप में सोमवार तक जारी रहा. इस बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ग्रामों की स्थिति पर नजर बनाए रखी व मौका निरीक्षण किया. तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव, थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, पटवारी रामपाल सिंह तोमर इलाकों का भ्रमण करते रहे, ताकि नागरिकों को असुविधाओं समस्याओं से राहत मिल सके.

सीजन में पहली बार खोले गेट

राजगढ़ और आगर जिले की सीमा पर स्थित कुंडालिया डेम हल्की बारिश के बाद भी लबालब भर गया है. इस मानसून सीजन में पहली बार डेम प्रबंधन ने इसके गेट खोले हैं. कुंडालिया डेम केचमेंट क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण डेम में पानी की आवक लगातार बनी हुई है. इसके चलते डेम के 11 गेट में से सात गेट खोले गए, जिसके कारण निचले इलाके में नदी का बहाव तेज हो गया. वहीं प्रशासन द्वारा कुंडालिया डेम के नीचे ग्रामों के लोगों को अलर्ट किया गया.

प्रशासन की अपील

नदी नाले उफान पर होने से प्रशासन ने अपील की है कि यदि कहीं भी पुल पर पानी हो, तो उसे पार न करें. बारिश के दौरान जिले के पुल पुलिया एवं रपटों पर पानी रहने के दौरान वाहनों का आवागमन बंद किया जाए. इसके लिए कोटवार व अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. रास्ते बंद करने के बाद भी वाहनों का आवागमन करने पर संबंधित वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा. साथ ही वर्तमान में लोग नदी व डेम पर सेल्फी लेने या फिर रील बनाने लगते हैं. कई बार उनकी यह हरकत जानलेवा साबित हो जाती है. जहां पानी का बहाव तेज हो, वहां भूलकर भी यह गलती न करें. नदी या नालों के किनारे से भी सोच समझकर ही निकलें.

 

लगातार बढ़ रहा वाटर लेवल…

 

क्षेत्र में रविवार रात्रि से कभी रिमझिम कभी तेज बारिश जारी है. जलस्तर बढऩे से कुंडालिया डेम में पानी का स्तर बढ़ रहा था. इसे देखते हुए डेम के सात गेट और खोलना पड़े. जिनमे सोमवार दोपहर में चार गेट चार मीटर और दो गेट दो मीटर तथा एक गेट एक मीटर खोलकर 3366.202 क्यूबेक पानी छोड़ा गया है. तेज बारिश के कारण डेम का वाटर लेवल 395 मीटर से 398.30 मीटर तक पहुंच गया है.

 

जान जोखिम में डालकर निकले लोग

 

लगातार हो रही क्षेत्र में बारिश से एक बार फिर नाले उफान पर आ गए हैं. रविवार रात्रि से हो रही बारिश से सोमवार को मां बगलामुखी मार्ग का नाला उफान पर आने से सडक़ मार्ग बंद हो गए हैं. बगलामुखी मार्ग पर बने नाला उफान पर होने के बाद भी बच्चे व बड़े लोग जान जोखिम में डालकर लोग निकल रहे हैं. इतना ही नहीं बाइक को एक तरफ से दूसरी तरफ तक ले जाते हुए देखे जा रहे हैं. जब सोशल मीडिया पर फोटो आए, उसके बाद प्रशासन के कर्मचारी वहां पहुंचे और रास्ते को बंद करवाया गया.

Next Post

कोर्ट गेट में चेकिंग के दौरान युवक से मिला चाकू, पुलिस ने दबोचा

Mon Aug 10 , 2026
जबलपुर। जिला न्यायालय परिसर के गेट नंबर-3 पर पुलिस टीम ने सघन चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा, जिसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ है। जानकारी अनुसार सुरक्षा के लिहाज से जिला न्यायालय के गेट नंबर-3 पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सख्त तलाशी ली जा रही […]

You May Like