
भोपाल। निशातपुरा थाना पुलिस ने एक युवक की निजी अस्पताल की बिल्डिंग से गिरकर मौत के मामले में जांच कर रही है. सोमवार को पुलिस ने मृतक के शव का पीएम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया.
मिली जानकारी के अनुसार मृतक रणधीर धाकड़ की आंख का इलाज क्षेत्र में संचालित एक अस्पताल में चल रहा था. रविवार को देर रात रणधीर अचानक से अस्पताल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया. अस्पताल में ही युवक का इलाज शुरू किया, जहां उसने दम तोड़ दिया.
निशातपुरा थाना पुलिस अब इस मामले में हत्या और आत्महत्या के एंगल से भी जांच करने में जुट गई है. मृतक के परिजनों के बयान के मुताबिक रणधीर आंख की बिमारी से परेशान था. इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में ही उसके साथ हादसा हो गया.
पुलिस अब अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही वहां के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है. मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है.
