
जबलपुर। जिला न्यायालय परिसर के गेट नंबर-3 पर पुलिस टीम ने सघन चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा, जिसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ है। जानकारी अनुसार सुरक्षा के लिहाज से जिला न्यायालय के गेट नंबर-3 पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सख्त तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को एक युवक की हरकतें संदिग्ध लगीं। पुलिस ने जब उसे रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसकी जेब से अवैध धारदार चाकू निकला। पुलिस ने चाकू को जब्त कर युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस लिस पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान अनमोल बेन के रूप में हुई है। वह गोरखपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ईसाई मोहल्ले का निवासी है। जानकारी के अनुसार, अनमोल कोर्ट में चल रहे किसी मामले में अपनी जमानत की कानूनी कार्रवाई के सिलसिले में न्यायालय पहुंचा था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
