
जबलपुर। मौसम के बदलते मिजाज के बीच सोमवार को शहर का मिजाज पूरी तरह बदला नजर आया। सुबह से ही आसमान में काले-घने बादलों का डेरा जमा रहा, जिससे ठंडी हवाओं के साथ रुक-रुक कर फुहारें बरसती रहीं। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और शाम करीब साढ़े चार बजे बादलों की ओट से धूप निकल आई। हालांकि, यह बदलाव ज्यादा देर नहीं टिका। रात होते ही आसमान में एक बार फिर काले बादल उमड़ पड़े और रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे मौसम सुहाना बना रहा। सीजन में बारिश का आंकड़ा 346 मिमी पार हो गया है। मौसम विभाग ने चौबीस घंटे में 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने, भारी वर्षा की चेतावनी का अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग की माने तो चक्रवातीय परिसंचरण अब माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई तक फैला हुआ है जो ऊँचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों के ऊपर बना हुआ माध्य समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊँचाई तक फैला हुआ है, जो ऊँचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। इसके प्रभाव से, 12 अगस्त के आसपास इसी क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 93 और शाम को 79 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 7 से 8 किमी की रफ्तार से चली ।
