नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) असम और पश्चिम बंगाल की अंडर-17 जूनियर लड़कियों की टीमें बुधवार को 64वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगी।
आज यहाँ पिंटो पार्क फुटबॉल मैदान में असम और पश्चिम बंगाल ने अपने-अपने सेमीमफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
असम बनाम केरल के पहले सेमीफाइनल में असम के बेतकुची हाई स्कूल ने अपार ऊर्जा और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल, केरल को 4-1 से हराया। असम की निलिना ब्रह्मा ने 9वें मिनट में पहला गोल किया। असम की स्टार मारी मिच ने (25वें, 35वें, 48वें मिनट) गोलकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। केरल के लिए संजना सीएस ने 37वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
वहीं पश्चिम बंगाल बनाम हरियाणा दूसरे सेमीफाइनल में, नंदझार आदिबाशी पशिली हाई स्कूल, पश्चिम बंगाल ने पीएम श्री जीजीएसएसएस मंगाली, हरियाणा को एक कड़े मुकाबले में 1-0 से हराया। बिस्वास ने 14वें मिनट में निर्णायक गोल दागा और उसके बाद पश्चिम बंगाल की लड़कियों ने अपनी बढ़त बनाए रखने के लिए जबरदस्त धैर्य और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। जबकि हरियाणा ने आखिरी सीटी बजने तक संघर्ष किया, लेकिन बराबरी का गोल नहीं कर सका।
असम और पश्चिम बंगाल अब 28 अगस्त को फाइनल में आमने-सामने होंगे।
