

ब्यावरा/पडाना। तेज बारिश के बीच राजगढ़ जिले के सारंगपुर तहसील अंतर्गत पड़ाना बाईपास पर सोमवार सुबह 9.30 बजे रेलिंग विहीन सडक़ की पुलिया से ऊपर नाले के बहाव में एक कार बह गई. हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई. सोमवार शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला जिसमें 9 लोगों के शवों को बरामद किया गया है.
जानकारी के अनुसार देवास के घसड़ गांव के बंजारा समाज के 11 लोग लकवा पीडि़त महिला को कडलावद धाम ले जा रहे थे. स्थानीय लोगों के मना करने के बावजूद ड्राइवर ने कार एमपी 09 बीजे 4684 नाले के ऊपर रेैलिंग विहीन पुलिया पर चलाई जो कि अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई. हादसे में राजवीर, शंकर चौहान, पूजा चौहान, रिनू पवार, सागरबाई, विशाल, जसप्रीत, वंशिका और चुटकी समेत 9 लोगों की मौत हो गई. जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
आसपास ही मौजूद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर शव निकाले. लखन परमार और उनके बेटे ने नाले में कूदकर 2 लोगों को जिंदा बचाया. बाकी सभी शव ग्रामीणों ने तेज बहाव और झाडय़िों में से ढूंढे. रेस्क्यू टीम और जिला प्रशासन का अमला करीब 5 घंटे बाद मौके पर पहुंचा और केवल औपचारिकता निभाई. घटना से गुस्साए लोगों ने रेलिंग न लगाने वाले ठेकेदार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. मौके पर कलेक्टर, एसपी और मंत्री गौतम टेटवाल पहुंचे और हालात का जायजा लिया. ग्रामीणों की मांग है कि बिना सुरक्षा इंतजाम के बने बाईपास के जिम्मेदार ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि आगे ऐसी लापरवाही किसी और की जान न ले.
