सिंगरौली : एलआईजी कॉलोनी देवरा तिराहा गनियारी सड़क मार्ग पर सीवरेज व्यवस्था अब सुविधा के बजाय मुसीबत बनती जा रही है। मारुति रिपेयर एजेंसी के ठीक सामने रविवार को एक बार फिर सीवरेज लाइन धंस गई।
खास बात यह है कि करीब एक माह के भीतर इसी सड़क मार्ग पर सीवरेज धंसने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। लगातार बारिश के साथ सीवरेज के धंसने का सिलसिला तेज होने से रहवासियों में आक्रोश है और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। मारुति एजेंसी के सामने धंसी सीवरेज लाइन के कारण सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है। इस मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही भी होती है, ऐसे में कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। पिछले दिनों शांति ग्राम टाउनशिप के समीप सीवरेज धंसने की घटना सामने आई थी। शनिवार को नवभारत ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद संबंधित गड्ढे को पाट दिया गया, लेकिन अगले ही दिन दूसरे स्थान पर सीवरेज फिर धंस गई। रहवासियों का आरोप है कि सीवरेज कार्य के दौरान सड़क की मरम्मत महज खानापूर्ति के तौर पर की गई। नतीजा यह है कि सड़क कई स्थानों पर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश का पानी गड्ढों में भरने से पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ठेकेदार की उदासीनता और नगर निगम अधिकारियों की सतत निगरानी के अभाव को इस बदहाल स्थिति की प्रमुख वजह माना जा रहा है।