
ग्वालियर, ग्वालियर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर ब्लैक फिल्म, अमानक एवं पदनाम वाली नंबर प्लेट, अवैध हूटर और अवैध बत्ती लगे वाहनों के चालान किए गए।
अभियान में कुल 107 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 90,400 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इनमें अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म, बिना या अमानक नंबर प्लेट, पदनाम एवं वीआईपी स्टिकर तथा अन्य मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन से जुड़े मामले शामिल रहे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म और अमानक नंबर प्लेट का उपयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
