
जबलपुर। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिला एवं सत्र न्यायालय, जबलपुर में रविवार को न्यायालयीन कर्मचारीगण एवं उनके परिवारजनों के उत्साहवर्धन और रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘उल्लास–एक पहल 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णमूर्ति मिश्र ने मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय दिव्यांगना जोशी पाण्डे, विशेष न्यायाधीश सुनील कुमार सहित अन्य न्यायाधीशगण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
ड्राइंग, पेंटिंग प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
कार्यक्रम में न्यायाधीशगण एवं न्यायालयीन कर्मचारियों के बच्चों के लिए विभिन्न आयु वर्गों में कविता वाचन, ड्राइंग एवं पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं महिला कर्मचारियों के लिए रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता रखी गई। प्रतियोगिताओं में बच्चों और महिला कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया तथा अपनी कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
किया जाएगा सम्मानित
कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायालयीन परिवार के सदस्यों को कार्यक्षेत्र से अलग अपनी प्रतिभाओं को सामने लाने तथा आपसी सौहार्द और सहभागिता की भावना को मजबूत करने का अवसर देना रहा। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी 15 अगस्त के अवसर पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उल्लास–एक पहल 2026 ने न्यायालयीन परिवार को एक साथ खुशियां साझा करने और रचनात्मकता को मंच देने का अवसर प्रदान किया।
