मुंबई, 15 जून (वार्ता) अडानी समूह की हवाई अड्डा संचालक कंपनी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स को आर्किटेक्चर और डिजाइन के क्षेत्र में दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक प्रिक्स वर्सेल्स द्वारा सम्मानित किया गया है।
कंपनी के दो हवाई अड्डों नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, गुवाहाटी के टर्मिनल-2 को प्रिक्स वर्सेल्स की ‘2026 के दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट’ की सूची में जगह मिली है।
अडानी एयरपोर्ट्स ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह सम्मान उनके बेहतरीन डिजाइन, पर्यावरण अनुकूल विकास और यात्रियों को ध्यान में रखकर बनायी गयी योजना के लिए दिया गया है।
प्रिक्स वर्सेल्स वास्तुकला और डिजाइन के क्षेत्र में दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित वार्षिक पुरस्कार है। साल 2015 से पुरस्कार समारोह पेरिस में यूनेस्को के मुख्यालय में आयोजित किया जा रहा है। यह पुरस्कार नये बने उन हवाई अड्डों और टर्मिनल को दिया जाता है, जिनकी समकालीन रचनाएं विशिष्ट वास्तुकला का एक अनूठा उदाहरण पेश करती हैं।
नवी मुंबई और गुवाहाटी हवाई अड्डों के साथ दुनिया के पांच अन्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को भी इस सूची में जगह मिली है। ये हैं – ग्वांगझू (चीन), फ्रैंकफर्ट एम मेन (जर्मनी), कंदल स्टुअंग (कंबोडिया), पिट्सबर्ग (अमेरिका) और सैन डिएगो (अमेरिका)।
