
सीधी। जाम खुलवाने गये थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला हुआ। थाना कमर्जी क्षेत्रांतर्गत नाली निर्माण को लेकर हुये विवाद के बाद घटना हुई। उपचारार्थ जिला अस्पताल में भर्ती थाना प्रभारी को देखने एसपी पहुंचे।
सडक़ जाम हटाने के दौरान हुए इस हमले में कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट आई है। घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली। जानकारी के अनुसार ग्राम पटपरा में नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किया गया है। इस संबंध में कई बार राजस्व अधिकारियों को शिकायतें और आवेदन दिए गए थे लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सडक़ जाम कर दिया। सडक़ जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वे ग्रामीणों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने थाना प्रभारी पर टांगी एवं हंसिए से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें भीड़ से सुरक्षित निकालकर डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल तथा रितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया है। दिनदहाड़े पुलिस अधिकारी पर हुए इस हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
००
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये दबिश जारी
थाना प्रभारी पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की कई टीमें पूरी तरह से मुस्तैद हैं। बताया गया है कि संभावित स्थलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये लगातार दबिश कार्रवाई की जा रही है। आरोपी इतने शातिर हैं कि गिरफ्तारी से बचने के लिये जगह बदल रहे हैं। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जायेगी।
००
इनका कहना है
नाली निर्माण को लेकर पटेल परिवार के बीच विवाद के चलते सडक़ जाम कर दिया गया था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पुलिस बल के साथ गये थे। पुलिस अधिकारी पर हमला अत्यंत गंभीर अपराध है। मामले की जांच के लिए एसडीओपी सहित पांच थानों का पुलिस बल मौके पर भेजा गया । आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश शुरू की गई। दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संतोष कोरी, पुलिस अधीक्षक सीधी
०००००००००००००
