इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की पहल पर आयोजित नो कार डे ने इस बार भी उल्लेखनीय परिणाम दिए. शहरवासियों के सहयोग से केवल एक दिन में करीब 1 लाख लीटर पेट्रोल और 80 हजार लीटर डीजल की खपत कम हुई। इससे न केवल 445.4 मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन घटा, बल्कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी बड़ा योगदान मिला.
महापौर के आह्वान पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक कारों की जगह साइकिल, दोपहिया व सार्वजनिक परिवहन से दफ्तर और अन्य स्थानों तक पहुंचे. अनुमान है कि सड़कों पर 30 से 32 प्रतिशत तक कारों और बड़े वाहनों की संख्या कम रही, जिससे ईंधन बचत के साथ ही ट्रैफिक दबाव भी घटा.
आंकड़ों के अनुसार, पीएम 2.5 उत्सर्जन भी 37 किलोग्राम/दिन कम हुआ, जो वायु प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में अहम कदम है. महापौर भार्गव ने कहा कि यह केवल एक प्रतीकात्मक अभियान नहीं, बल्कि भविष्य के इंदौर को टिकाऊ यातायात और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में तैयार करने का प्रयास है.
