
राजगढ़। खिलचीपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 52 पर रविवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में 4 साल के बच्चे की मौत हो गई. दोलाज गांव के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी. बाइक पर बैठी महिला उछलकर दूर जा गिरी, जबकि उसका पति और 4 साल का बेटा बाइक समेत कंटेनर के नीचे फंस गए.
जानकारी के अनुसार छापीहेड़ा थाना क्षेत्र के धुआंखेड़ा गांव निवासी अनार भिलाला रविवार सुबह करीब 10 बजे पत्नी राजन बाई और बेटे रविराज के साथ बाइक से खिलचीपुर के बिराजी महाराज मंदिर में दर्शन करने आया था. दर्शन के बाद तीनों भोजपुर थाना क्षेत्र के मालीपुरा स्थित ससुराल जा रहे थे.
खिलचीपुर से करीब 5 किलोमीटर दूर दोलाज गांव के पास राजस्थान की ओर से आ रहे कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी. राजन बाई उछलकर दूर जा गिरीं, जबकि अनार और उसका बेटा रविराज बाइक समेत कंटेनर के नीचे फंस गए.
चालक ने वाहन रोकने के बजाय दोनों को करीब 100 फीट तक घसीटा. कुछ दूर जाकर कंटेनर सडक़ से नीचे उतरकर फंस गया. चालक वाहन छोडक़र मौके से भाग गया.
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कंटेनर के नीचे फंसे पिता-पुत्र को बाहर निकाला. घायल महिला को भी संभाला. पुलिस को सूचना दी गई, इसके बाद डायल-112 से तीनों घायलों को खिलचीपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, 108 एंबुलेंस के लिए, अस्पताल के स्टाफ ने तीन बार फोन किया. लेकिन करीब 45 मिनट तक एंबुलेंस नहीं पहुंची.
इस दौरान रविराज की हालत लगातार बिगड़ती रही. डॉक्टरों ने एंबुलेंस का इंतजार करते हुए अस्पताल में ही बच्चे को बचाने के लिए उपचार जारी रखा. ऑक्सीजन देने के साथ सांस की नली से कीचड़ और गोबर निकालने का प्रयास किया गया. इसके बावजूद बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बच्चे की मौत के करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस अस्पताल पहुंची. इसके बाद घायल माता-पिता को हायर सेंटर रेफर किया गया. हादसे में अनार भिलाला का एक पैर टूट गया और चेहरे पर गंभीर चोट आई है. राजन बाई के हाथ, पैर और मुंह पर चोट लगी है.
बीएमओ बोले- समय पर एंबुलेंस आती तो बच जाती बच्चे की जान
खिलचीपुर सिविल अस्पताल के बीएमओ डॉ. कमल दांगी ने बताया कि मां, पिता और बच्चा तीनों हादसे में घायल होकर अस्पताल आए थे. बच्चे ने कीचड़ और गोबर एस्पिरेट कर लिया था. सांस की नली से इसे निकालने का प्रयास किया गया. उसे ऑक्सीजन दिया गया. लेकिन उसकी मौत हो गई.
