
ग्वालियर। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के तहत यातायात पुलिस ग्वालियर ने शनिवार को शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य/यातायात) सुजावल जग्गा के निर्देश और उप पुलिस अधीक्षक यातायात अजीत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना था।
अभियान के तहत थाना यातायात गोला का मंदिर प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की। विशेष रूप से ब्लैक फिल्म, पदनाम वाली नंबर प्लेट, अवैध बत्ती और अवैध हूटर लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इन वाहनों पर हुई कार्यवाही
अवैध हूटर लगे 11 वाहनों से 33000 रुपये, अमानक/बिना नंबर प्लेट वाले 37 वाहनों से 18500 रुपये, ब्लैक फिल्म लगे 22 वाहनों से 11000 रुपये, पदनाम लगी नंबर प्लेट एवं फैंसी स्टीकर, वीआईपी स्टीकर वाले 04 वाहनों से 2000 रुपये, अवैध लाइट/बत्ती वाले 02 वाहनों से 6000 रुपये और एमवी एक्ट की अन्य धाराओं में 31 वाहनों से 19900 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
इस विशेष अभियान के तहत कुल 107 वाहनों के चालान काटे गए तथा उल्लंघनकर्ताओं से कुल 90400 रुपये की राशि वसूल की गई।
यातायात पुलिस ग्वालियर ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहनों पर अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म और अमानक नंबर प्लेट का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
