बस ऑपरेटर संघ ने जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन, मांगें नहीं मानी गईं तो 8 अगस्त से बस हड़ताल की चेतावनी

दमोह। जिला बस ऑपरेटर संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कार्यकारी अध्यक्ष राजा राय के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर को विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था।

ज्ञापन में बस ऑपरेटरों ने राय चौराहा और पलंदी चौराहा होकर छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना तथा हटा से आने वाली यात्री बसों को बस स्टैंड में प्रवेश के लिए एकल मार्ग (वन-वे) व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

संघ ने जिले में संचालित ऑटो रिक्शाओं पर भी कार्रवाई की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम व नगर स्तर तक सीमित रहने वाले ऑटो रिक्शा नियमों के विपरीत एक गांव से दूसरे गांव तथा दमोह से लगभग 40 किलोमीटर की परिधि तक यात्रियों का परिवहन कर रहे हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा होने के साथ-साथ यात्री बसों के संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संघ ने मांग की कि ऑटो रिक्शाओं का संचालन केवल निर्धारित ग्राम व स्थानीय क्षेत्र तक ही सीमित किया जाए।

इसके अलावा जिला परिवहन अधिकारी द्वारा यात्री बसों के नॉन-यूज आवेदनों के साथ शपथ पत्र अनिवार्य किए जाने की व्यवस्था समाप्त करने तथा 15 वर्ष पुरानी यात्री बसों के पंजीयन निरस्तीकरण के आवेदन की तिथि से ही पंजीयन निरस्त करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

बस ऑपरेटरों ने मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री व परिवहन आयुक्त के नाम एक अलग ज्ञापन भी सौंपा। इसमें 26 जुलाई को सागर में आयोजित प्रांत स्तरीय बस ऑपरेटर यूनियन की बैठक में लिए गए निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि यदि आठ सूत्रीय मांगें 7 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक पूरी नहीं की गईं, तो 8 अगस्त से दमोह जिले सहित पूरे प्रदेश में यात्री बसों का पूर्ण चक्का जाम (हड़ताल) किया जाएगा। यह हड़ताल मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी।

ज्ञापन के साथ आठ सूत्रीय मांग पत्र भी संलग्न किया गया, जिसमें बस किराया वृद्धि, मार्गों के राष्ट्रीयकरण संबंधी अधिसूचना निरस्त करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।

ज्ञापन सौंपने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष राजा राय, सचिव शमीम कुरैशी, उपाध्यक्ष बंटी राय, उपाध्यक्ष करण सिंह परिहार, हटा बस यूनियन के अध्यक्ष पंडित अशोक पराशर, प्रमोद राय, अकबर खान, अमजद खान, विक्की जैन, नवीन जैन सहित जिले के अनेक बस ऑपरेटर उपस्थित रहे।

Next Post

आजादी पर्व केबाद से बागली में अष्टधातु से निर्मित भगवान भोलेनाथ निकलते हैं प्रजा का हाल जानने

Sun Aug 9 , 2026
बागली। बागली नगर में प्रत्येक वर्ष के सावन के महीने में प्रति सोमवार भगवान भोलेनाथ प्रजा का हाल-चाल जानने के लिए निकलते हैं। पुरानी परंपरा अनुसार पूर्व दिवंगत प्रकांड पंडित अंबुजी महाराज द्वारा विधि विधानसे बनवाई गई अष्टधातु से निर्मित भगवान भोलेनाथ के मुखौटे का श्रृंगार करके सवारी के रूप […]

You May Like