विश्व आदिवासी दिवस पर आलीराजपुर में दिखी आदिवासी एकता की ऐतिहासिक तस्वीर

आलीराजपुर। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार, 9 अगस्त को आलीराजपुर जिला मुख्यालय सहित चांदपुर क्षेत्र में आदिवासी एकता, संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। टंकी ग्राउंड में आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में आयोजित विशाल कार्यक्रम में जिलेभर से हजारों आदिवासी समाजजन शामिल हुए।

टंकी ग्राउंड में आयोजित सभा को जोबट विधायक सेना महेश पटेल, मुख्य वक्ता गजानंद ब्रह्माने, पूर्व विधायक मुकेश पटेल, भीमसिंह मसानिया, नितेश अलावा, अंगार सिंह चौहान सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने आदिवासी समाज की एकता, संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक विकास तथा जल-जंगल-जमीन के संरक्षण पर जोर दिया।

मुख्य वक्ता गजानंद ब्रह्माने ने आदिवासी पहचान और अधिकारों के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत का प्रतिनिधित्व करने के अपने संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी समाज अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए लगातार संघर्षरत है। विधायक सेना पटेल ने कहा कि समाजहित के मुद्दों पर राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर सभी को एक मंच पर आना चाहिए।

हजारों युवाओं ने निकाली विशाल रैली

सभा के पश्चात एक दर्जन से अधिक डीजे वाहनों के साथ हजारों युवा, युवतियां एवं बच्चे टंकी ग्राउंड से विशाल रैली के रूप में टंट्या मामा चौराहे की ओर रवाना हुए।

वरिष्ठ आदिवासी नेता महेश पटेल, पुष्पराज पटेल, कैलाश पटेल, झमराला भाई, दिलीप पटेल, अंगार सिंह एवं निहाल सिंह पटेल सहित अनेक समाजजनों के नेतृत्व में रैली टंट्या मामा चौराहे पहुंची, जहां टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

रैली में आदिवासी संस्कृति और उत्साह की शानदार झलक देखने को मिली। इससे पूर्व रैली के बस स्टैंड पहुंचने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य इंदर सिंह चौहान द्वारा भव्य मंच एवं सजावट के साथ रैली का स्वागत किया गया। यहां बड़ी संख्या में युवाओं ने आदिवासी संगीत और नृत्य पर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रैली का विभिन्न स्थानों पर स्वागत हुआ। नीमचौक में वरिष्ठ नेता किशोर शाह, नेता प्रतिपक्ष विक्रम सेन, पार्षद राजू भाई मोदी, मुस्तफा बोहरा, गिरिराज मोदी सहित गणमान्य नागरिकों ने स्वागत किया।

चांदपुर में धरती वंदना और सामाजिक मंथन

चांदपुर में आयोजित कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्यों ने सर्वप्रथम टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद क्षेत्र के पटेल एवं पुजारों द्वारा पारंपरिक पूजा-अर्चना कराई गई और उपस्थित समाजजनों ने सामूहिक रूप से धरती वंदना की। हजारों समाजजनों की मौजूदगी में सामाजिक एकता, अधिकारों और विकास को लेकर मंथन किया गया।

पूर्व विधायक मुकेश पटेल ने विश्व आदिवासी दिवस पर दिए जाने वाले संदेशों को व्यवहार में उतारने की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम में आदिवासी समाज की विभिन्न समस्याओं को लेकर 38 सूत्रीय जनहित ज्ञापन कलेक्टर के प्रतिनिधि संयुक्त कलेक्टर ग्रेवाल को सौंपा गया।

कार्यक्रम में गुजरात आनंद की नृत्य टीम ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, वहीं आदिवासी टिमली गायक कलाकार दीपक चोंगड़ ने ओजस्वी प्रस्तुति से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। स्वागत भाषण राकेश जमरा ने दिया तथा आभार आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंह बामनिया ने माना।

विश्व आदिवासी दिवस के इन आयोजनों ने आलीराजपुर में आदिवासी एकता, संस्कृति, गौरव और सामाजिक जागरूकता की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की। समाजजनों ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक विकास और अपनी समृद्ध आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Next Post

अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत, मासूम गंभीर 

Sun Aug 9 , 2026
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत शक्ति ढाबा के पास एक अनियंत्रित अज्ञात 407 मालवाहक वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी सवार एक युवक और महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 साल का एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के […]

You May Like