मैदान में उतरें अधिकारी, जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतें: कलेक्टर  सोनवणे 

बैतूल। बैतूल जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर राजस्व के साथ कृषि, खाद्य, बिजली और पानी जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखने को कहा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को फील्ड निरीक्षण के लिए मासिक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए और कहा कि निरीक्षण का असर जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। साथ ही अधिकारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील और सहज व्यवहार अपनाने की हिदायत दी, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।

बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि छह माह से अधिक कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अन्य मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने तहसीलदारों को अभियान चलाकर फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण करने और विवादित प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण करने को कहा। नरवाई जलाने की घटनाओं पर सख्ती बरतते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, लोक सेवा गारंटी और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार मौजूद रहे।

Next Post

घोड़ाडोंगरी में बनेंगे 13 नए सर्वसुविधायुक्त स्कूल भवन

Thu Apr 16 , 2026
बैतूल। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के 13 शासकीय हाई स्कूलों के लिए नए भवनों के निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति राज्य शासन के जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी की गई है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 96 लाख […]

You May Like