घोड़ाडोंगरी में बनेंगे 13 नए सर्वसुविधायुक्त स्कूल भवन

बैतूल। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के 13 शासकीय हाई स्कूलों के लिए नए भवनों के निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति राज्य शासन के जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी की गई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 96 लाख 38 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस तरह कुल 51 करोड़ 51 लाख 38 हजार रुपए की लागत से सभी स्कूलों में आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त भवन तैयार किए जाएंगे। इन भवनों के निर्माण से विशेष रूप से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बताया गया है कि क्षेत्र के कई हाई स्कूल पिछले एक दशक से अधिक समय से पक्के भवनों के अभाव में संचालित हो रहे थे। कई स्थानों पर अस्थायी व्यवस्थाओं के तहत कक्षाएं लगाई जा रही थीं, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने लगातार प्रयास किए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया था। साथ ही विधानसभा के बजट सत्र 2025-26 में भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया गया।

स्वीकृति मिलने पर विधायक उइके ने मुख्यमंत्री, जनजातीय कार्य मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि नए भवन बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधरेगा।

Next Post

सीएम डॉ यादव, ज्ञान की पुण्यभूमि ओंकारेश्वर में सांस्कृतिक महाकुंभ 'एकात्म पर्व' का कल करेंगे शुभारंभ

Thu Apr 16 , 2026
भोपाल। भारतीय संस्कृति के पुनरुद्धारक और अद्वैत वेदांत के प्रखर प्रणेता आदि गुरु शंकराचार्य की दीक्षा स्थली ओंकारेश्वर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल, 17 अप्रैल शुक्रवार से पाँच दिवसीय ‘एकात्म पर्व’ का मंगलमय शुभारंभ करेंगे। मांधाता पर्वत की कंदराओं में रचे-बसे ‘एकात्म धाम’ में आयोजित यह महोत्सव दार्शनिक चिंतन, […]

You May Like