इंदौर: पालदा इलाके में बस से उतरते ही एक युवक पर तीन युवकों ने हमला कर घायल कर दिया. विवाद हाथ लगने की बात पर शुरू हुआ और आरोपियों ने गाली-गलौज के बाद मारपीट कर नुकीली वस्तु से वार कर दिया, पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.आज़ादनगर थाना क्षेत्र में एक युवक पर तीन बदमाशों द्वारा हमला करने का मामला दर्ज हुआ है.
उत्तर प्रदेश के जिला संतकबीर नगर के ग्राम मांझरिया में रहने वाले फरियादी सुरेश चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह 22 नवंबर की शाम करीब 4.30 बजे पालदा स्थित गौतम ट्रेवल्स के सामने एक्सिस बैंक के पास बस से उतरकर नाश्ता लेने जा रहा था. तभी वहां मौजूद हर्ष सोनकर ने चलते समय हाथ लग जाने पर विवाद शुरू कर दिया और गंदी गालियां देने लगा.
जब सुरेश ने विरोध किया तो हर्ष के साथ रहे शक्ति उर्फ छोटू शर्मा और सचिन शर्मा भी हमले में शामिल हो गए. दोनों ने थप्पड़ों और मुक्कों से मारपीट की, जबकि सचिन ने अपने पास रखी नुकीली वस्तु से वार किया, जो सुरेश के पेट के नीचे लगा और घायल कर दिया. फरियादी ने पुलिस को यह भी बताया कि हर्ष जाते-जाते धमकी देकर बोला कि दोबारा दिखा तो जान से खत्म कर दूंगा. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने हर्ष सोनकर, शक्ति उर्फ छोटू शर्मा और सचिन शर्मा तीनों निवासी पालदा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
