नई दिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दिल्ली से अपनी गृह राज्य उत्तराखंड शिफ्ट होने का बड़ा फैसला किया है। पंत अपनी मातृभूमि के विकास में योगदान देना चाहते हैं और पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहते हैं, लेकिन पिछले तीन सालों से जमीन न मिलने के कारण उन्होंने अब मुख्यमंत्री धामी से मदद की अपील की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लगाई मदद की गुहार
श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेल रहे पंत ने सोशल मीडिया पर सीएम धामी को टैग करते हुए लिखा कि उन्हें रहने के लिए अच्छी जगह नहीं मिल पा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह मुफ्त में जमीन नहीं बल्कि सरकारी दरों पर खरीदना चाहते हैं। मुख्यमंत्री धामी ने उनकी इस भावना की सराहना करते हुए अधिकारियों को नियमों के तहत हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव और टैक्स योगदान
रुड़की में जन्मे 28 वर्षीय ऋषभ पंत पेशेवर क्रिकेट के लिए दिल्ली शिफ्ट हुए थे, लेकिन उनका अपनी माटी से गहरा लगाव है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 23.84 करोड़ रुपये का भारी-भरकम इनकम टैक्स चुकाकर वह उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत करदाता भी बने हैं।

