जबलपुर: लोकायुक्त जबलपुर ने आज सुबह सिवनी में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (क्लर्क) सुभाष शर्मा के जबलपुर स्थित ठिकानों पर तड़के 5:30 बजे एक साथ धावा बोला। क्लर्क की सैलरी के मुकाबले उसके पास मिली अकूत दौलत को देखकर खुद लोकायुक्त के अधिकारी भी दंग रह गए। शुरुआती जांच में ही वैध आय से 543.19 प्रतिशत अधिक अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त की यह छापामार कार्रवाई अभी भी जारी है। टीम घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और बैंक खातों व लॉकरों को खंगाल रही है, जिससे इस काली कमाई का आंकड़ा और ऊपर जाने की पूरी उम्मीद है।
लोकायुक्त एसपी अंजू लता पटले ने बताया कि आज सुबह लोकायुक्त की दो विशेष टीमों ने सुभाष शर्मा पिता रवि शर्मा के अंबेडकर कॉलोनी, राजीव गांधी वार्ड जबलपुर स्थित निवास और उनके फार्म हाउस पर एक साथ छापेमारी की। सुभाष शर्मा वर्तमान में क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केन्द्र, सिवनी में पदस्थ हैं। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत हुई इस कार्रवाई में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने काली कमाई का बड़ा हिस्सा अपनी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर निवेश किया था। जांच में अब तक सामने आई संपत्तियों में तहसील पाटन के करमेता में पत्नी के नाम पर 4581 वर्गफुट की बेशकीमती भूमि मिली है, जिसकी सरकारी कीमत करीब 2,88,45,288 है। पाटन जबलपुर के लोहारी में 1,11,02,156 की कृषि भूमि के दस्तावेज मिले हैं।
जबलपुर के गोहलपुर अधारताल में 47,48,996 की अनुमानित कीमत के कई प्लॉट खरीदे गए। पाटन तहसील के ही मुड़गवां में 25,91,658 की जमीन का पता चला है। जबलपुर की अंबेडकर कॉलोनी में 2800 वर्गफुट के प्लॉट पर 4800 वर्गफुट का दो मंजिला आलीशान पक्का मकान मिला है ग्राम लोहारी पाटन में 3000 वर्गफुट में फैला एक शानदार फार्म हाउस मिला है। जबलपुर की पारस कॉलोनी में भी 10,000,00 की लागत से बना एक और दो मंजिला मकान पाया गया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए लोकायुक्त ने दो अलग-अलग टीमों का गठन किया था एक टीम में डीएसपी रेखा प्रजापति, इंस्पेक्टर जितेन्द्र यादव, राहुल गजभिये और शशिकला मस्कुले तो दूसरी टीम में डीएसपी नीतू त्रिपाठी और इंस्पेक्टर उमा कुशवाहा शामिल हैं।
