मल्हारगढ़: ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन-प्रशासन को गांवों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान-2026 का शुक्रवार को मल्हारगढ़ जनपद से शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत अब प्रत्येक शुक्रवार जिले के गांवों में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में चौपाल आयोजित की जाएगी। इन चौपालों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी तथा जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव होगा, उनका मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मल्हारगढ़ में आयोजित चौपाल में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान शासन और प्रशासन को ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाने की पहल है। अब ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि प्रशासन स्वयं गांव पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान आगामी 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार संचालित किया जाएगा। चौपाल के दौरान प्राप्त आवेदनों में तत्काल निराकरण योग्य मामलों का मौके पर समाधान किया जाएगा, जबकि ऐसे प्रकरण जिनमें प्रक्रिया पूरी करने की आवश्यकता होगी, उन्हें संबंधित विभागों को सौंपकर समय-सीमा में निराकरण कराया जाएगा।
राजस्व से जुड़े मामलों पर विशेष जोर
चौपाल में नामांतरण, सीमांकन, पट्टा वितरण, कृषि संबंधी समस्याएं, जाति एवं आय प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने आवेदनों की सुनवाई करते हुए पात्र मामलों में मौके पर ही कार्रवाई की। शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
फ्लाईओवर के रिवाइज्ड एस्टीमेट को मिली एएस
उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पिपलिया मंडी फ्लाईओवर सहित मल्हारगढ़ क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के रिवाइज्ड एस्टीमेट को प्रशासनिक स्वीकृति (एएस) मिल चुकी है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी तथा निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।
मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण
देवड़ा ने ग्रामीणों से मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपनी समस्याएं चौपाल में अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है।
चौपाल में कलेक्टर दिव्यांका सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, जनप्रतिनिधि, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किए जाने से ग्रामीणों को राहत मिली।
