
जबलपुर। बरगी नहर में मंगलवार देर शाम मिली रेत कारोबारी की लाश के मामले में नया खुलासा हुआ है। हत्या कर लाश को नहर में फेंका गया था, मृतक के सिर में धारदार हथियार से चोट के निशान हैं। पीएम के बाद अब पुलिस हत्या का मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
बरगी नगर चौकी प्रभारी सरिता पटैल ने बताया कि रांझी क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय नितेश विश्वकर्मा पिता सुधीर विश्वकर्मा रेत एवं गिट्टी का कारोबार करता था। 24 अगस्त को कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 7482 लेकर घर से निकला था और घर वापस नहीं लौटा था। रांझी थाने में पुलिस परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 25 अगस्त की सुबह बड़ी नहर किनारे कार खड़ी मिली, जो अनलॉक थी। खून के धब्बे भी मिले थे। शंका के आधार पर नहर में तलाश कराई जा रही थी इसी बीच मंगलवार शाम शव मिला। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
इनका कहना है
मृतक के सिर में धारदार हथियार से हमला किया गया है, सिर में चोट के निशान मिले हैं।
पीएम के बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है, डीवीआर निकालने के साथ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे रहे हैं। हत्या किसने और किन कारणों से की इसका पता नहीं चल सका है, विस्तृत जांच जारी है।
जितेंद्र पाटकर, टीआई , बरगी थाना
