नयी दिल्ली 08 जुलाई (वार्ता) देश में इस साल खरीफ सीजन की प्रमुख फसलों की बुवाई में सरकारी आंकड़ों के अनुसार तेजी देखी जा रही है।
कृषि मंत्रालय से मंगलवार को प्राप्त अद्यतन आंकड़ों के अनुसार बीते साल की तुलना में इस साल खरीफ फसलों का रकबा 43.66 लाख हेक्टेयर अधिक है। आंकड़ों के अनुसार धान का रकबा बीते साल की तुलना में 4.78 लाख हेक्टेयर बढ़ गया । खरीफ 2024-25 में अब तक धान का रकबा 64.52 लाख हेक्टेयर था जो इस समय 69.30 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।
दलहन का रकबा भी खासा बढ़ गया है। पिछले वर्ष दलहन की बिजाई 31.48 लाख हेक्टेयर में हुई थी पर अब इसका क्षेत्रफल बढ़ कर 42.57 लाख हेक्टेयर हो चुका है।
धान और दलहन के अलावा मोटे अनाजों का रकबा 13.40 लाख हेक्टेयर और तिलहन का 13.31 लाख हेक्टेयर के साथ एक साल पहले इसी अवधि की तुलना में ज्यादा पर चल रहा है।
नगदी फसलों में ईख का रकबे में मामूली तेजी देखी गई है। पिछले साल इस समय तक 55.16 लाख हेक्टेयर में यह फसल लगी थी पर अब ये क्षेत्रफल बढ़कर 52.51 लाख हेक्टेयर हो गया है। कपास का रकबा भी 0.96 लाख हेक्टेयर बढ़ गया है।
इस साल रागी, रामतिल, अरंडी और जूट के रकबे में मामूली गिरावट आयी है ।

