गुना: गुलाबगंज क्षेत्र में कुछ ही दिन पहले एक सदस्य के निधन के बाद घर में शोक का माहौल था कि अब एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, जिससे परिवार पूरी तरह से सदमे में है। मृतक की चाची का निधन हाल ही में हुआ था और उनकी तेरहवीं की रस्म 19 तारीख को होनी थी। इस बीच, युवा भतीजे द्वारा उठाए गए इस घातक कदम ने पूरे परिवार को गमगीन कर दिया है।
घटना कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुलाबगंज में घटी, जहां किराए के मकान में रह रहे 22 वर्षीय मजदूर सुरेश तोमर पुत्र लक्ष्मण सिंह तोमर ने बीती रात स्थानीय बगीचे में जाकर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुरेश तोमर मूल रूप से बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के हिनोतिया गिर्द का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, युवक ने तौलिया का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। मृतक अविवाहित था। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
परिजनों का कहना है कि सुरेश को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं थी। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले सुरेश तोमर की चाची का निधन हो गया था और 19 तारीख को उनकी तेरहवीं की अंतिम रस्म होनी थी। घर में पहले से ही मातम पसरा हुआ था और इस दूसरी घटना ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने सुरेश को पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, वहीं कैंट पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस ने शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है।
