सिंगरौली: विद्युत व्यवस्था को अधिक मजबूत, पारदर्शी और उपभोक्ता केंद्रित बनाने के उद्देश्य से अधीक्षण अभियंता संचालन-संधारण वृत्त सिंगरौली अजीत सिंह बघेल की अध्यक्षता में वृत्त कार्यालय में राजस्व संवर्धन एवं विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालन अभियंता ओएंडएम ओपी द्विवेदी, कार्यपालन अभियंता शहर दिनकर प्रसाद दुबे, कार्यपालन अभियंता एसटीएम-एसटीसी उपेन्द्र कुमार यादव सहित जिले के सभी उपसंभागों के सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, वितरण केंद्रों एवं निर्माण उपसंभागों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में राजस्व संग्रहण, बकाया वसूली, बिलिंग, मीटर रीडिंग, स्मार्ट मीटर,एमआरआई-एएमआर, विद्युत चोरी की रोकथाम, उपभोक्ता शिकायतों के निराकरण तथा राजस्व बढ़ाने से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह बघेल ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वितरण केंद्र में बड़े बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए तथा शासन एवं कंपनी के निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने पीएमसीएल के राजस्व लक्ष्य की समीक्षा करते हुए प्रत्येक वितरण केंद्र के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय करने, नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रभावी कार्ययोजना बनाकर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही बिल सुधार, विच्छेदन, पुन: संयोजन और अन्य राजस्व गतिविधियों में तेजी लाने पर जोर दिया। कलेक्टर के निर्देशों का हवाला देते हुए श्री बघेल ने आगामी पांच वर्षों के लिए विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके तहत सभी उपसंभागों को भविष्य की विद्युत मांग, नए उपकेंद्र, 33 केवी एवं 11 केवी फीडर विद्युत लाइन, वितरण ट्रांसफार्मर तथा अन्य अधोसंरचना संबंधी प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया।
पंप फीडरों के भार विश्लेषण फोकस
बैठक में गैर-कृषि फीडरों से संचालित कृषि कनेक्शनों में मीटर स्थापना, पंप फीडरों के भार विश्लेषण, फेल ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन, आरडीएसएस के लंबित कार्य, स्मार्ट मीटरिंग, विद्युत चोरी के मामलों, 1912 एवं सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा हुई। अधीक्षण अभियंता ने कम बिजली आपूर्ति और बार-बार बाधित होने वाले फीडरों का तकनीकी विश्लेषण कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई, नियमित फील्ड निरीक्षण और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से अगली समीक्षा बैठक तक उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने को कहा
