
जबेरा/दमोह।भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की जबेरा शाखा में एलडीएम हेमंत कुमार व शाखा प्रबंधक अभिषेक रंजन की उपस्थिति में कियोस्क (सीएसपी) संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सभी कियोस्क संचालकों को अधिक से अधिक री-केवाईसी (Re-KYC) कराने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) तथा अटल पेंशन योजना (APY) से अधिकाधिक पात्र ग्राहकों को जोड़ने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कुछ कियोस्क संचालकों के विरुद्ध ग्राहकों से पैसों के लेनदेन संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों से संबंधित संचालकों की ही नहीं, बल्कि बैंक की छवि भी प्रभावित होती है। सभी संचालकों को अपने कार्य में आवश्यक सुधार करने, ग्राहकों के साथ पारदर्शी व्यवहार अपनाने तथा बैंक के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि शिकायतें मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।